राजस्थान में कांग्रेस सरकार में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में बढ़ोतरी हो रही है। लोकसभा में भाजपा की एक सांसद ने शुक्रवार को राजस्थान सरकार पर आरोप लगाया कि में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिन पर राज्य सरकार ध्यान नहीं दे रही है और ऐसे में केंद्र को संज्ञान लेना चाहिए।
भाजपा की जसकौर मीना ने लोकसभा के शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और यह बालिकाओं पर अत्याचार का राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं लेती तथा केंद्र को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल ने बृहस्पतिवार को पहलवान रितिका फोगाट के कथित तौर पर आत्महत्या करने के विषय को उठाते हुए दावा किया कि एक कुश्ती स्पर्धा में रितिका को विजेता घोषित करने के बाद हारा हुआ बताया गया जिसके बाद उन्होंने सदमे में आकर यह कदम उठाया। बेनीवाल ने पूरे मामले में षड्यंत्र होने का संदेह जताते हुए इसमें केंद्रीय एजेंसियों से या न्यायिक जांच कराने की मांग की।
बसपा के गिरीश चंद्र ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के खाली पड़े प्रोफेसरों के पदों को भरने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया। भाजपा के जगदंबिका पाल ने विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं की तर्ज पर देश में अखिल भारतीय न्यायिक सेवा शुरू करने की मांग की।


Download Android App
Download iOS App



