नयी दिल्ली : विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) का नाम बदलने से यह तथ्य नहीं बदल सकता कि पाकिस्तान ने भारतीय क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर रखा है। मंत्रालय ने मीडिया में आई उन खबरों पर जवाब दिया जिनमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान अपने कब्जे वाले क्षेत्र का दर्जा बदलने की कोशिश कर रहा है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की सरकार ने सेवाओं की नामावली बदलने का आदेश दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘हमने ये खबरें देखी हैं कि जाहिर तौर पर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की सरकार ने सेवाओं का नाम बदलकर कुछ और कर दिया है। हम इसे देख रहे हैं।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लेकिन, मैं केवल यह कह सकता हूं नामावाली में बदलाव से यह तथ्य नहीं बदल जाता कि पाकिस्तान ने अब भी एक ऐसे क्षेत्र पर कब्जा कर रखा है जो भारत का हिस्सा है।’’


Download Android App
Download iOS App



