Chhattisgarh: कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के आवास पर CBI रेड, समर्थकों ने अधिकारियों को घेरा

Summary :

महादेव सट्टे मामले में देवेंद्र यादव पर CBI की कार्यवाही

छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के घर सीबीआई की टीम ने बुधवार सुबह छापा मारा। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम को देवेंद्र यादव के समर्थकों ने घेर लिया है और वे उन्हें आवास में घुसने नहीं दे रहे हैं। सीबीआई ने यह रेड महादेव सट्टे के मामले में की है। सीबीआई की टीम बुधवार सुबह 7:45 बजे के करीब देवेंद्र यादव के आवास पर पहुंची। इस दौरान देवेंद्र यादव के समर्थक उनके आवास के बाहर जमा हो गए। भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल समेत बड़ी संख्या में समर्थकों ने सीबीआई के अधिकारियों को घेर लिया और उन्हें आवास के अंदर जाने नहीं दिया।

Chhattisgarh: Bastar में सुरक्षा बलों ने 25 लाख के इनामी माओवादी समेत तीन ढेर

इसके अलावा, सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर भी छापा मारा है। यह रेड रायपुर और दुर्ग जिले में स्थित उनके भिलाई निवास में चल रही है। सीबीआई की टीम भूपेश बघेल के आवास पर मौजूद है। सीबीआई की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर भूपेश बघेल के घर पहुंची। साथ ही आईपीएस अधिकारी आरिफ शेख और आईपीएस अफसर अभिषेक पल्लव के घर भी रेड की खबर है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीबीआई छापे की जानकारी दी है। उन्होंने (भूपेश बघेल कार्यालय) के हवाले से एक्स पर लिखा, “अब सीबीआई आई है। आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली एआईसीसी की बैठक के लिए गठित ‘ड्राफ्टिंग कमेटी’ की मीटिंग के लिए आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। उससे पूर्व ही सीबीआई रायपुर और भिलाई निवास पहुंच चुकी है।”

बता दें कि बीते साल अगस्त में छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। विधायक की गिरफ्तारी उनके आवास से की गई थी। इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। इससे पहले ईडी ने छत्तीसगढ़ के भिलाई के पदुम नगर इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास पर छापेमारी की थी। इसके अलावा, उनके सहयोगियों से जुड़े 14 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.