पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी धर्मपत्नी स्व. मंजू सिन्हा की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंजू सिन्हा पार्क कंकड़बाग जाकर स्व. मंजू सिन्हा को याद किया तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री मंजू सिन्हा स्मृति पार्क कंकड़बाग से अपने पैतृक गॉव कल्याणबिगहा, हरनौत स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुॅचकर अपनी धर्मपत्नी स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी एवं अपने पिता कविराज स्व. रामलखन सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सुपुत्र निशान्त कुमार, बड़े भाई सतीश कुमारसहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी स्व.मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल्याणबिगहा स्थित अपने पुश्तैनी गॉव के देवी मंदिर में जाकर राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये पूजा अर्चना की।
वे करीब आधे घंटे तक अपने पैतृक गॉव में रूककर ग्रामवासियों एवं निकट संबंधियों से मुलाकात की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, सांसद आरसीपी सिंह, विधायक डा. जीतेन्द्र कुमार, विधायक रवि ज्योति, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गॉधी जी, विधान पार्षद हीरा बिन्द, सदस्य, आपदा प्रबंधन उदय कांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चन्द्रा, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ-साथ वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोगों ने भी स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



