‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग’ में मुख्यमंत्री ने की अहम घोषणाएं

Summary :

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग में उद्योगपतियों को दी सौगात

छत्तीसगढ़ के नया रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में आज ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 14 उद्योगपतियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही ईडीआईआई ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी वितरित किए गए। एमएसएमई उद्योगपतियों को सहायता राशि दी गई। नए उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को इनविटेशन लेटर भी प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम में केंद्र की रैंप योजना का भी शुभारंभ किया गया, जो अब छत्तीसगढ़ में लागू होगी।

विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “हमारा संकल्प है कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बना सकें। इसके लिए हम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए योजनाएं तैयार कर रहे हैं। एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए हम विशेष कदम उठा रहे हैं। यह छोटा पौधा जो आज हम लगा रहे हैं, भविष्य में विशाल वृक्ष बनेगा।”

मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा, “आज का आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग विभाग की तरफ से किया गया है। केंद्रीय मंत्री लखन लाल देवांगन और अन्य अधिकारी भी यहां मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए रैंप योजना शुरू की है, जिसका आज यहां शुभारंभ हुआ है। बड़ी कंपनियों को जहां सरकार कई सुविधाएं देती है, वहीं छोटे उद्योगों के लिए भी हम विशेष योजनाएं लेकर आए हैं।” कार्यक्रम में उद्योगों के लिए सरकार की योजनाओं और प्रोत्साहन के बारे में विस्तार से चर्चा की गई और राज्य में निवेश के लिए नए अवसरों की बात की गई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.