चुनाव नजदीक आते ही धर्म और जाति की राजनीति करती है भाजपा : सपा विधायक रागिनी सोनकर

Summary :

जौनपुर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता की बिल्कुल चिंता नहीं है, वह सिर्फ अपने परिवार की चिंता करती है। रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़ों और दलितों का अधिकार छीन रही है और धर्म के नाम पर युवाओं को बरगलाकर राजनीति कर रही है। समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर पलटवार करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी कहीं से भी जनता की चिंता करती हुई दिखाई…

जौनपुर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता की बिल्कुल चिंता नहीं है, वह सिर्फ अपने परिवार की चिंता करती है। रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़ों और दलितों का अधिकार छीन रही है और धर्म के नाम पर युवाओं को बरगलाकर राजनीति कर रही है।

समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर पलटवार करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी कहीं से भी जनता की चिंता करती हुई दिखाई नहीं दे रही है और शायद इसीलिए बार-बार अपने बयानों में खुद भारतीय जनता पार्टी फंस जाती है। वे अपने परिवार की चिंता करते हैं, जनता की उन्हें बिल्कुल चिंता नहीं है।”

उन्होंने कहा कि पिछड़ों का जो अधिकार था, उसको भारतीय जनता पार्टी लगातार छीन रही है। जिस तरीके से नौकरियां खत्म हुई हैं, आज भी हमारे बच्चे परीक्षाओं के इंतजार में हैं, भर्तियों के इंतजार में हैं। उनकी उम्र निकलती जा रही है। उसमें खासकर हमारे पिछड़े समाज के, दलित समाज के बच्चे हैं और हमारे अग्रणी समाज के बच्चे भी उसी पंक्ति में खड़े होकर उन परीक्षाओं और नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं।

डॉ रागिनी सोनकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा हमेशा एक ही रहा है कि किस तरीके से धर्म के नाम पर राजनीति की जाए, युवाओं को बरगलाया जाए, उनके हाथों से किताबें छीनकर उनके हाथों में झंडे पकड़ाए जाएं और आपस में लड़वाकर मरवाया जाए। यह भारतीय जनता पार्टी की साजिश है।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव पास आएंगे, आप देखेंगे कि उनके बयान सिर्फ धर्मों को लेकर होंगे, सिर्फ जातियों के विभाजन को लेकर होंगे। किस तरीके से देश की सेक्युलर व्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जाए। उसी प्रकार के बयान उनकी तरफ से आते हैं।

सपा विधायक ने कहा कि जब आप माफिया की बात करते हैं, जब आप अपराधों की बात करते हैं तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जो अपराधों की संख्या है, वह एनसीआरबी के आंकड़े बता रहे हैं। वे आंकड़े समाजवादी पार्टी या इंडिया गठबंधन द्वारा नहीं बनाए गए हैं, बल्कि स्वयं सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़े हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, खासकर त्योहारों के समय, क्योंकि यह दीपावली का त्योहार है और जो सरकार-आबकारी विभाग के राजस्व पर चल रही हो, जिसका सबसे बड़ा राजस्व स्रोत आबकारी विभाग हो, वहां स्थिति चिंताजनक है।

सपा विधायक ने कहा कि आज गरीब परिवारों में शराब पीकर महिलाओं के साथ जो अभद्रता की जाती है, उसके मामले आए दिन एनसीआरबी के आंकड़ों में जुड़ते चले जा रहे हैं। इसलिए महिलाएं इनको माफ नहीं करेंगी।

उन्होंने कहा कि यह बात प्रदेश के सामने आई है और सनातन भावना को इससे आहत किया गया है। सभी लोग इससे बहुत दुखी हैं। तब से ही भारतीय जनता पार्टी का ग्राफ धीरे-धीरे शून्य की तरफ बढ़ता चला जा रहा है। रही बात टोपी की, रही बात धर्मों की, समाजवादी पार्टी भारत के धर्मनिरपेक्षता के साथ अपने आपको जोड़ते हुए हर धर्म, हर जाति और हर जेंडर को सम्मान देती है। किसी टोपी से उसे कोई परहेज नहीं है। हम लोग सनातनी भी हैं और असली सनातनी वही है जो हर धर्म का सम्मान करना जानता है, न कि टोपी पर टिप्पणी करता है।

–आईएएनएस

केके/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.