हैदराबाद में केयर नर्सिंग कॉलेज और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, खराब खाने की शिकायत पर बवाल, मामला दर्ज

Summary :

कॉलेज की 46 वर्षीय प्रिंसिपल डी. सुनिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर को कार्यकर्ताओं का समूह जबरन परिसर में घुसा और महिला स्टाफ व छात्राओं से मारपीट की। इसके अगले दिन यानी 14 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे फिर से उपद्रवी घुसे और कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी व दफ्तर में भारी तोड़फोड़ की।

Hyderabad News : हैदराबाद के मंसूराबाद स्थित केयर नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं को घटिया खाना परोसने की शिकायतों के बाद माहौल गरमा गया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रबंधन के बीच तीखी बहस के बाद हुई हिंसा के मामले में एलबी नगर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

कॉलेज की 46 वर्षीय प्रिंसिपल डी. सुनिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर को कार्यकर्ताओं का समूह जबरन परिसर में घुसा और महिला स्टाफ व छात्राओं से मारपीट की। इसके अगले दिन यानी 14 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे फिर से उपद्रवी घुसे और कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी व दफ्तर में भारी तोड़फोड़ की।

लाइब्रेरी और दफ्तर में तोड़फोड़

कॉलेज प्रबंधन का आरोप है कि जब कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और ‘जय एनएसयूआई’ के नारे लगाए। तोड़फोड़ के दौरान लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे बच्चों की तरफ कुर्सियां और गमले फेंके गए, जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई। हालांकि, कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे कैंटीन में मिल रहे खराब खाने को लेकर प्रबंधन से जवाब मांगने गए थे, जहां बहस के बाद हाथापाई शुरू हो गई।

प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(4), 333, 324(4), 74, 79, 351(2), 352 और 270 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें – Hyderabad Hammer Attack Murder: हैदराबाद में फुटपाथ पर सो रहे मजदूर की हत्या, हथौड़े से हमला कर उतारा मौत के घाट

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।