श्योपुर:धीरे-धीरे गुलाबी सर्दी जोर पकड़ने लगी है। इस बात का अहसास शनिवार को तब देखने को मिला,जब एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। आज दिन भर मौसम सुहाना रहा,जिसके चलते आज पहली बार लोगों को लगा कि सर्दी का मौसम प्रारंभ हो चुका है।
हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई गिरावट दर्ज नहीं हुई। यूं तो सुबह-शाम की सर्दी प्रतिदिन गुलाबी रूप में पड रही थी,लेकिन शुक्रवार एवं शनिवार को इस सीजन में पहली दफा लोगों को सुबह-शाम की सर्दी का अहसास हुआ। गुरूवार के मुकाबले शुक्रवार का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि शनिवार को यह घटकर 23.4 डिग्री पर आ गया। इस तरह एक ही दिन यानि चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक मौसम सुहाना रहा।
दिनभर आसमान में बादल डेरा डाले रहे। सुबह के वक्त थोडी बूंदाबांदी भी हुई,जिस कारण लोगों ने पहली दफा अलाव का सहारा लिया। छोटे-छोटे बच्चे भी अपने घरों के सामने अलाव पर अपनी ठंड भगाते देखे गए। आज की सर्दी देखकर लोग कहने लगे कि आज पहली बार सर्दी का थोडा अहसास हुआ है। गुलाबी सर्दी के जोर मारने के बीच न्यूनतम तापमान जस का तस बना हुआ है।
शुक्रवार एवं शनिवार का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री ही रहा। कुल मिलाकर अब सर्दी शने:-शने:जोर पकड़ने लगी है।
शनिवार की सर्दी ने अधिकांश लोगों के अलमारियों में बंद ऊनी कपडों को बाहर निकालने पर मजबूर कर दिया। सुबह जो लोग पैदल या बाइक से बाहर निकले,वे स्वेटर सहित मुफलर कानों पर बांधकर ही निकले। यही हाल शाम के वक्त का रहा। बडी संख्या में लोग स्वेटर या जर्सी पहनकर ही बाजार में घूमने निकले। आज पहली बार लगा कि मौसम सर्दी का है।
आज का मौसम इतना सुहावना था कि शाम के वक्त जो लोग घरों से निकले,उन्होंने बाजार में कॉफी सेंटरों पर पहुंचकर कॉफी का लुत्फ जरूर उठाया। कॉफी की दुकान लगाने वालों का कहना था कि आज पहली बार इस सीजन में हमारी कॉफी की अच्छी सेल हो रही है। तमाम लोग चाय की गुमटियों पर चाय का आनंद लेते दिखाई दिए।


Download Android App
Download iOS App



