कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गुजरात में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए ‘गैर कानूनी काम’ करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जनता का उसपर से भरोसा उठ गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां पार्टी मुख्यालय में विशेष प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भाजपा धन बल के आधार पर गुजरात विधानसभा चुनाव जीतने की फिराक में है। इसके लिए विरोधी दलों और समूहों के सेंध लगाने का प्रयास कर रही है।
गुजरात में पाटीदार आंदोलन के एक नेता ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पार्टी में शामिल होने के लिए उन्हें एक करोड़ रुपए की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि इससे साफ होता है कि भाजपा चुनाव में उतरने से डर रही है। इसलिए चुनावों के परिणाम बदलने के लिए गैर कानूनी तरीके अपना रही है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा ने चुनावों में गैर कानूनी काम किए हैं। हाल में ही राज्यसभा चुनावों में पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के मामले में यह सिद्ध हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उस समय भी धन बल का इस्तेमाल किया था।
कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि गुजरात में ‘भगवा लहर’ नहीं चल रही है और लोग भाजपा के विरोधी हो रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा चुनाव मैदान में उतरने से डर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने विपक्षी दलों के लोगों को परेशान करने के लिए आयकर विभाग समेत सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



