राहुल का BJP पर वार, बोले- गुजरात अनमोल है और इसे कभी खरीदा नहीं जा सकता

Summary :

NULL

पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पीएएएस) के नेता नरेंद्र पटेल के भाजपा में शामिल होने के लिये एक करोड़ रुपये की पेशकश किये जाने के दावे के एक दिन बाद कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि गुजरात अनमोल है और इसे कभी भी खरीदा नहीं जा सकता।

हार्दिक पटेल की अगुवाई वाली पाटीदार अनामत आंदोलन समिति ( पीएएएस ) के कार्यकर्ता नरेंद्र पटेल ने कल शाम एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिये एक करोड़ रुपये की पेशकश की गयी थी।

यह दावा करने से घंटों पहले वह ऐलान कर चुके थे कि वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी ने आज सोशल मीडिया ट्विटर पर लिखा, गुजरात अनमोल है। इसे कभी भी खरीदा नहीं गया। इसे कभी भी खरीदा नहीं जा सकता। इसे कभी भी खरीदा नहीं जा सकेगा।

भारतीय जनता पार्टी ने नरेंद्र पटेल के आरोपों को खारिज करते हुये इसे कांग्रेस के इशारे पर किया जाने वाला एक नाटक करार दिया। भाजपा की गुजरात इकाई के प्रवक्ता भरत पंड्या ने कहा, सभी आरोप झूठे हैं। यह कांग्रेस के इशारे पर नरेंद्र पटेल द्वारा किया गया नाटक है।

Desk Team