कांग्रेस ने कोरोना महामारी के दौरान पार्टी की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों में समन्वय के लिए वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में मंगलवार को 13 सदस्यीय ‘कोविड-19 राहत कार्य बल’ का गठन किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यह कार्यबल गठित किया है।
इस कार्यबल में आजाद के अलावा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, मनीष चतरथ और भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी .वी शामिल हैं।
इनके साथ ही कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा, अजय कुमार और पार्टी नेता गुरदीप सिंह सप्पल को इस कार्यबल में जगह दी गई है।गुलाम नबी आजाद को पार्टी के इस महत्वपूर्ण कार्यबल का प्रमुख बनाए जाने का इस मायने में खासा महत्व है क्योंकि वह कांग्रेस के उस ‘जी 23’ समूह का प्रमुख चेहरा हैं जो पार्टी में संगठनात्मक चुनाव और जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग पिछले कई महीनों से कर रहा है।
कांग्रेस ने कोरोना संकट में लोगों की मदद के लिए अपने राष्ट्रीय कार्यालय और प्रदेश इकाइयों के कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। पार्टी की युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस भी सोशल मीडिया और फोन के माध्यमों से लोगों की मदद कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



