मप्र में चुनाव से पहले कांग्रेस ने अधिकारियों के तबादले की मांग की 

Summary :

NULL

नयी दिल्ली : मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत से मुलाकात की और उनसे राज्य में निष्पक्ष उपचुनाव कराने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया और विवेक तनखा समेत कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को प्रदेश के अधिकारियों की एक सूची दी और दावा किया कि इन अधिकारियों का राज्य में भाजपा सरकार के पक्ष में काम करने का रिकार्ड रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि इन अधिकारियों का उन इलाकों से तबादला कर दिया जाए जहां उपचुनाव होंगे।

कोलारस और मुंगावली विधानसभाओं के लिए उपचुनाव 24 फरवरी को होंगे और परिणाम 28 फरवरी को घोषित किये जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह फरवरी है। बैठक के बाद सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह डर का माहौल बनाने के लिए अधिकारियों के माध्यम से रचा गया भाजपा का षड्यंत्र है। हमने चुनाव आयोग के समक्ष अनुरोध किया है कि चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से कराये जाएं।’’ उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने इस तरह के अधिकारियों की पूरी सूची दी है।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Desk Team