भारत-पाक सीजफायर पर कांग्रेस की सर्वदलीय बैठक की मांग

Summary :

भारत-पाक तनाव पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की अपील

कांग्रेस ने भारत-पाक सीजफायर के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग की है। प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत का कहना है कि सरकार को सीजफायर के कारणों पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान में आतंक के कैंप खत्म हो गए हैं और क्या निर्दोष लोगों के हत्यारे मारे गए हैं।

भारत-पाक तनाव के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार को इस पूरे मामले पर सर्वदलीय बैठक और संसद का विशेष सत्र बुलाकर जानकारी देनी चाहिए कि किन कारणों से सीजफायर का ऐलान किया गया। रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि भारत-पाक के बीच सीजफायर की घोषणा की गई। लेकिन, देशवासियों के मन में एक सवाल है और हम भारत सरकार से जवाब चाहते हैं। सीजफायर को लेकर भारत सरकार सर्वदलीय बैठक बुलाए, संसद का विशेष सत्र आयोजित की जाए। जिसमें सीजफायर किन कारणों की वजह से लिया गया, इसके बारे में जानकारी साझा करे। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पर सीजफायर को लेकर पोस्ट आता है। अमेरिका दोनों देशों के बीच सीजफायर कराने के लिए अपनी मध्यस्थता जाहिर करता है। लेकिन, मैं भारत सरकार से पूछना चाहता हूं कि पाकिस्तान में क्या आतंक के कैंप खत्म कर दिए गए? पहलगाम में जिन आतंकियों ने हमारे निर्दोष लोगों को मारा, क्या वह मारे गए? कई सवाल हैं जिनके सवाल केंद्र सरकार को देना चाहिए। इसीलिए, सर्वदलीय बैठक बुलाकर वह जवाब दें।

लखनऊ में ब्रह्मोस यूनिट का उद्घाटन, आतंकवाद पर CM योगी का कड़ा संदेश

सीजफायर के बाद पाकिस्तान की ओर से युद्ध विराम उल्लंघन को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान कभी भी सुधर नहीं सकता है। यह बात तो भाजपा की सरकार को पता होनी चाहिए। अगर नहीं पता तो वह कांग्रेस पार्टी से पूछ सकती थी। क्योंकि, इंदिरा गांधी के समय में हमने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए। पाकिस्तान हमेशा अपनी जुबान से मुकर जाता है। जो देश आतंकवाद को पनाह देता है, जिसके आतंकी हमारे निर्दोष लोगों की जान लेते हैं और एलओसी पर गोलीबारी करता है उसके साथ सीजफायर कैसे हुआ? भाजपा की सरकार को जवाब देना चाहिए।

पाकिस्तान पीएम पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हमारी सेना के पराक्रम को पूरी दुनिया देख रही है। हमारी सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। लाहौर से लेकर कराची तक हमारी सेना ने पराक्रम दिखाया। पाक पीएम को बस इतना कहना चाहूंगा कि भारत को छेड़ने की कोशिश न करे, भारत जवाब में पाक को छोड़ेगा नहीं। आज अमेरिका की शरण में जाकर सीजफायर करा लिया। लेकिन, जब भारत शिंकजा कसता है तो पाकिस्तान घुटने के बल झुक जाता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.