रायपुर : कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी एल पुनिया द्वारा भाजपा का सत्य से दूर दूर तक वास्ता नहीं संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सहकारिता प्रकोष्ट के प्रदेश संयोजक अशोक बजाज ने कहा कि देश को भाजपा ने नहीं बल्कि कांग्रेस ने सदैव धर्म,जाति और संप्रदाय के नाम पर बांटने का प्रयास किया है इसीलिये देश की जनता ने कांग्रेस को हमेशा के लिए पैवेलियन लौटा दिया है।
कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए सदा झूठ व फरेब का सहारा लिया। कांग्रेस के राज में अराजकता व आतंकवाद का बीजारोपण हुआ तथा कांग्रेस के राज में ही पुष्पित व पल्लवित हुआ। बजाज ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने स्वार्थ के लिए महात्मा गाँधी के नाम की माला जपते है लेकिन वास्विकता यह है कि कांग्रेस ने ही गाँधी की विचारधारा को ताक में रखकर पाश्चात्य संस्कृति की तरफ देश को धकेलने का काम किया है।
यदि देश में भाजपा का शासन नहीं आता तो छत्तीसगढ़ का निर्माण नहीं होता। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण कर गाँव, गरीब व किसान के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया है। श्री बजाज ने कहा कि मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह के 14 वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की दशा एवं दिशा में बदलाव आया है। छग की जनता निरंतर विकास चाहती है. इसीलिये 2018 के चुनाव में भी भाजपा को अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी। केवल जनता ही नहीं बल्कि स्वयं कांग्रेसजनों का विश्वास कांग्रेस से टूट रहा है इसीलिये कांग्रेस के नेता ही कांग्रेस को टा टा कर दूर हो रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पहले अपने बचे हुए कुनबे को पहले बचा ले तो उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये की पंजाब केसरी अन्य रिपोर्ट