‘आतंकियों के पास इतना समय नहीं कि धर्म पूछकर…’, जिहादियों के बचाव में उतरे कांग्रेस नेता

Summary :

आतंकी धर्म पूछकर नहीं मारते, कांग्रेस नेता का बयान

पहलगाम हमले के बाद कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने विवादित बयान देकर राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के पास धर्म पूछने का समय नहीं होता। इस बयान के बाद विवाद बढ़ गया, लेकिन वडेट्टीवार ने सफाई दी कि पाकिस्तान की साजिश है देश को धर्म के आधार पर बांटना। सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।

पहलगाम हमले के बाद पूरे भारत में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश है। सत्ताधारी नेताओं से लेकर विपक्ष और आम जनता तक, सभी सरकार से पहलगाम हमले का बदला लेने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टियों समेत सभी विपक्षी पार्टियों ने अपना रुख साफ किया है कि केंद्र सरकार कड़े से कड़ा एक्शने ले, वे सरकार के हर एक्शन को सपोर्ट करेंगे। लेकिन उनके नेता अब भी बेतुके बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस के विधायक विजय वडेट्टीवार ने पहलगाम हमले को लेकर विवादित बयान दिया है। सोमवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, कि आतंकवादियों के पास इतना समय नहीं है कि वह धर्म पूछकर मारे।

Vijay Wadettiwar.

सरकार पर फोड़ा ठीकरा

विजय वडेट्टीवार ने आगे कहा, “ये सब सरकार की विफलता है। सरकार इन सब बातों पर बात नहीं करती। अगर बात करनी ही है तो बस यही कि आतंकियों ने पर्यटकों का धर्म पूछकर उन्हें मार डाला। कांग्रेस नेता ने कहा कि आतंकियों के पास इतना समय नहीं है कि वो मारने वाले के कान में जाकर पूछ सकें कि वो हिंदू है या मुसलमान। इस पूरे मामले में कई बातें हैं, लोग अलग-अलग बातें कह रहे हैं। तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं।”

आतंकियों का धर्म नहीं होता- कांग्रेस विधायक

उन्होंने कहा कि आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता। आतंकियों ने देश पर हमला किया है इसलिए उन्हें पकड़ा जाना चाहिए और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आज पूरे देश की यही भावना है, लेकिन, अलग-अलग बातें करके मुख्य मुद्दों से भटकाना गलत है। वहीं, बयान पर विवाद बढ़ने के बाद विजय वडेट्टीवार ने सफाई भी दी है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान से आए आतंकियों ने लोगों का धर्म पूछा, उनसे कलमा पढ़ने को कहा, पाकिस्तान ने हमारे देश को धर्म के आधार पर बांटने की साजिश की, ताकि देश में हिंदू-मुस्लिम की राजनीति न हो। सरकार को आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, हम सरकार के साथ हैं।”

Pahalgam-Attack

धर्म पूछकर आतंकियों ने मारी गोली

आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना में आतंकियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी। उनके परिजनों ने मीडिया को उस मंजर के बारे में बताया, जब आतंकी गोलियां चला रहे थे। इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों ने मीडिया के सामने दावा किया है कि आतंकियों ने धर्म के आधार पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। आतंकियों ने हत्या करने से पहले धर्म पूछा। शक होने पर कलमा पढ़ने को कहा। जब आतंकियों को यकीन हो गया कि पर्यटक हिंदू हैं, तो उन्होंने उन्हें गोली मार दी। इतना ही नहीं आतंकियों ने देश के पीएम मोदी को यह संदेश देने की बात भी कही।

पाकिस्तान पर भारत का डिजिटल प्रहार, शोएब अख्तर समेत कई PAK यूट्यूब चैनलों पर लगाया बैन

Neha Singh