राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार को अस्थिर करने के बीजेपी के कथित प्रयास के खिलाफ कांग्रेस सोमवार को देशभर में प्रदर्शन कर रही है। वहीं दिल्ली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद अनिल चौधरी ने कहा, एक चुनी हुई सरकार को गिराना लोकतंत्र की हत्या है और ये हत्या करने का काम बीजेपी राजस्थान में कर रही है। सरकार पुलिस बल का प्रयोग कर के लोकतंत्र की हत्या के विरोध में उठी हर आवाज को दबा देना चाहती है।
उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन राजस्थान में बीजेपी के ‘लोकतंत्र एवं संविधान विरोधी कदमों’ के खिलाफ था। उन्होंने कहा, ‘‘हम उप राज्यपाल महोदय को बताना चाह रहे थे कि बीजेपी और केंद्र की उसकी सरकार किस तरह से राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। परंतु, दिल्ली पुलिस ने हमें उप राज्यपाल के कार्यालय की तरफ बढ़ने से पहले ही रोक दिया है।’’
लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और पीएल पुनिया समेत कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। कांग्रेस नेताओं को राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए हिरासत में लिया गया। कांग्रेस ‘लोकतंत्र के लिए बोलो’ अभियान के तहत देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस राजस्थान में राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर सोमवार को सभी प्रदेशों में राजभवनों के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रही है। उसका आरोप है कि केंद्र सरकार कांग्रेस की राज्य सरकारों को अस्थिर करने के लिए राज्यपालों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।


Download Android App
Download iOS App
.jpg)



