कांग्रेस त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में बहुमत हासिल करेगी : भूपेश बघेल

Summary :

भूपेश बघेल ने कहा, जनता कांग्रेस को दे रही है पूरा समर्थन

छत्तीसगढ़ त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने परिवार के साथ ग्राम कुरूदडीह में मत डाला। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि लोग उन उम्मीदवारों को चुन रहे हैं, जिनकी उन्हें सच में जरूरत है। भूपेश बघेल ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा “भाजपा सरकार चुनाव कराने से डर रही थी। लेकिन, अब वह चुनाव करवा रही है, क्योंकि उसे मजबूर किया गया है।”

बघेल ने आगे कहा कि उनकी पार्टी को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और यह चुनाव जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाए। विशेष रूप से उन्होंने देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी।

बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की “आततायी नीति” के कारण यादव को जेल भेजा गया था। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उनकी गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित थी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी ट्रायल में देवेंद्र यादव निर्दोष साबित होंगे।बघेल ने बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के संचालन को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण स्थिति खराब हो गई है और इस मामले में गृह मंत्री विजय शर्मा की भी जिम्मेदारी बनती है। बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता नाखुश है और वह कांग्रेस को समर्थन देकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रही है। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरु हुए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और सभी केंद्रों की निगरानी की गई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.