देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगभग 76 लाख हो गये हैं और इस दौरान कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 25 हजार से करीब घटकर अब 7.48 लाख के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक मंगलवार को पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 46,791 नये मामलों के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 75,97,064 हो गया है और मृतकों की संख्या 587 और बढ़कर 1,15,197 हो गयी है।
देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में लगभग 65 हजार कोरोना मरीजों के ठीक होने के साथ अब तक 67,33,329 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं। कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी आने और इनकी तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 25 हजार के करीब कमी दर्ज की गयी है। सक्रिय मामले घटकर 7,48,538 पर आ गये हैं।
कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र 1,73,763 सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है। वहीं कर्नाटक 1,06,214 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि केरल 92,732 सक्रिय मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में लंबे अंतराल के बाद कोरोना संक्रमण के नये मामले छह हजार के पास 5984 मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,01,365 पहुंच गयी।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी जिसके कारण सक्रिय मामलों में कमी आयी है। सक्रिय मामलों की संख्या 9,214 और घटकर 1,73,759 रह गयी। इस दौरान 15,069 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 13,84,879 लाख हो गयी है तथा 125 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 42,240 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 86.48 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.63 प्रतिशत है।


Download Android App
Download iOS App



