देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 60 लाख के करीब, पिछले 24 घंटे में 1124 लोगों की मौत

Summary :

कुल मामलों में से 9,56,402 मामले वर्तमान में सक्रिय हैं। 49,41,628 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि 94,503 लोग इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं।

कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप देश में  लगातार तेज है। हर दिन संक्रमितों के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच भारत में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 88,600 नए मामले सामने आए हैं जबकि नई 1,124 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही रविवार को देश में इस बीमारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 59,92,533 हो गई।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यह जानकारी दी। कुल मामलों में से 9,56,402 मामले वर्तमान में सक्रिय हैं। 49,41,628 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि 94,503 लोग इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं। राहत की बात यह है कि देश में कोरोना वायरस से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस दौरान 75,834 और लोगों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 49,22,161 हो गयी है।
देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले गत छह दिन से लगातार कम हो रहे हैं और शुक्रवार सुबह यह संख्या 9,60,969 रह गयी। देर रात यह बढ़कर 9,66,505 पर पहुंच गई है , लेकिन उन प्रमुख राज्यों की रिपोर्ट आनी शेष है जहां सुधार हो रहा है। महाराष्ट्र 2,69,119 सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है। उसके बाद कर्नाटक में 1.01 लाख मामले और आंध्र प्रदेश में 65,794 सक्रिय मामले हैं।
देश में सक्रिय मामले 16.28 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.58 फीसदी रह गये हैं जबकि, रोगमुक्त होने वालों की दर 82.14 प्रतिशत हो गयी है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमण के 20,419 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या आज रात 13 लाख को पार कर 13,21,176 पहुंच गयी।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में कमी आई है और अब यह 2,69,119 हो गयी है। इस दौरान 23,644 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 10,16,450 हो गयी है। राज्य में 430 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 35,191 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 76.93 फीसदी पहुंच गयी है वहीं मृत्यु दर महज 2.66 फीसदी है।

राहुल गांधी का PM मोदी पर तंज- काश, कोविड एक्सेस स्ट्रैटेजी ही मन की बात होती

Desk Team