Lovlina Borgohain Map Controversy : स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में एक तरफ जहां भारतीय एथलीट्स अपने शानदार प्रदर्शन से पदक जीत रहे हैं, वहीं रिंग से बाहर एक बड़ा विवाद सामने आया है। प्रतियोगिता के दौरान भारतीय मुक्केबाजी दल के सम्मान में आयोजित एक डिनर के दौरान टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता और स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने गंभीर लापरवाही पकड़ी।
ग्लासगो के मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया’ में टेबल पर रखी नैपकिन पर भारत का गलत नक्शा छपा हुआ था, जिसमें पूरा नॉर्थ-ईस्ट का हिस्सा गायब था। इस पर असम की रहने वाली लवलीना ने कड़ा एतराज जताया।
खाने के दौरान पड़ी नजर

राष्ट्रमंडल खेलों में पदकों की झड़ी लगाने के बाद भारतीय मुक्केबाज़ों और दल के अधिकारियों के लिए ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी’ रेस्टोरेंट में रात के खाने का कार्यक्रम रखा गया था। भोजन के दौरान लवलीना बोरगोहेन की नज़र नैपकिन पेपर पर पड़े भारत के नक्शे पर पड़ी। उन्होंने देखा कि नक्शे में देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से को दर्शाया ही नहीं गया था, जबकि कश्मीर का नक्शा भी अधूरा था। इस पर लवलीना ने तुरंत नाराजगी जताई और वहां मौजूद लोगों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
ग्लासगो के रेस्टोरेंट में दिए गए नैपकिन पर भारत के नक्शे से नॉर्थ ईस्ट का हिस्सा गायब।
जम्मू-कश्मीर भी पूरा नहीं दिखाया।
बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने जताई नाराजगी।
अधिक गंभीर इसलिए भी कि यह भारतीय रेस्टोरेंट है और नैपकिन पर नक़्शा छापा गया। pic.twitter.com/My8buY3V1J
— Akhilesh Sharma (@akhileshsharma1) August 2, 2026
सही प्रतिनिधित्व की मांग
नॉर्थ-ईस्ट के गायब होने पर स्टार बॉक्सर लवलीना ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “नैपकिन पर बने इस नक्शे में हमारा उत्तर-पूर्व का इलाका गायब है। भारत का हर एक कोना बेहद महत्वपूर्ण है और हर जगह देश की सही और पूरी भौगोलिक स्थिति ही दिखाई जानी चाहिए।”
उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लवलीना की इस सजगता ने खेल के साथ-साथ राष्ट्र के स्वाभिमान और सही भौगोलिक पहचान के प्रति उनके समर्पण को भी दर्शाया है।
यह भी पढ़ें – “पीएम मोदी ने बेटी को माफ कर नया जीवन दिया”, प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने जताया आभार



Download Android App
Download iOS App



