दिल्ली में पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारी हंगामा; चाकू लेकर पहुंचा हमलावर, समर्थकों ने दबोचा

Summary :

दिल्ली में सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक हमलावर चाकू लेकर पहुंच गया। उसने हमला करने का प्रयास किया, जिसे समर्थकों ने दबोच लिया। पप्पू यादव ने इसे हत्या की साजिश करार दिया है।

Pappu Yadav Attack Delhi

Pappu Yadav Attack Delhi : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक युवक ने अचानक हंगामा कर दिया। आरोप है कि युवक हाथ में चाकू लेकर सांसद पर हमला करने की नीयत से पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद समर्थकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत दबोच लिया। इसके बाद समर्थकों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।

सांसद पप्पू यादव ने इसे अपनी हत्या की बड़ी साजिश करार दिया है। हाल ही में संसद भवन में राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों को लेकर साधु के वेश में प्रदर्शन करने के बाद से पप्पू यादव चर्चा में हैं और उनके खिलाफ कई जगह एफआईआर दर्ज हुई हैं।

रखी थी प्रेस कांफ्रेंस

 

घटना उस समय हुई जब पप्पू यादव अपने आवास पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। वे सोमवार को शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही को लेकर अपनी आगे की रणनीति की जानकारी देने वाले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और समर्थकों के अनुसार, मीडियाकर्मियों के सवालों के बीच तीन-चार संदिग्ध लोग घुसे। उनमें से एक ने पहले चप्पल फेंकने का प्रयास किया और फिर चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। समर्थकों ने आरोप लगाया कि यह अतीक-अशरफ हत्याकांड जैसी घटना को अंजाम देने की कोशिश थी।

सुरक्षा पर उठे सवाल

Pappu Yadav Attack Delhi

घटना की जानकारी मिलते ही तिलक मार्ग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सांसद के वकील ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे दिल्ली पुलिस की नाकामी बताया।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सांसद को धमकियां मिल रही थीं और उनका सिर कलम करने वाले को 51 लाख रुपये देने के पब्लिक ट्वीट पोस्ट किए जा रहे थे। शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा के भरोसे के बावजूद मौके पर सिर्फ तीन-चार पुलिसकर्मी ही तैनात किए गए थे। वकील ने आरोप लगाया कि छह बार के सांसद की सुरक्षा में लापरवाही किसी बड़ी साजिश का हिस्सा लगती है और अब वे इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे।

यह भी पढ़ें – “पीएम मोदी ने बेटी को माफ कर नया जीवन दिया”, प्रधानमंत्री मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने जताया आभार

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।