श्योपुर:मानपुर पुलिस ने सरारी नदी पुल के नीचे बालापुरा के पास से मृत अवस्था में एक नवजात बालिका बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात महिला/पुरूष के खिलाफ धारा 318 आईपीसी के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार आज सुबह काशीपुर के कोटवार पूरन पुत्र देवीलाल माहोर 54 ने पुलिस को सूचना दी कि सरारी नदी पुल के नीचे नदी के किनारे एक नवजात बालिका मृत अवस्था में पडी हुई है। ऐसा लगता है कि कोई महिला या पुरूष उसे फैंक गया है।
इस इत्तला पर सहायक उपनिरीक्षक नरेश शर्मा मय दलबल के मौके पर पहुंचे और नवजात के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार नवजात बालिका 2-3 दिन की लग रही है। हालांकि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान तो नहीं है,लेकिन नाक पर थोडी छिली हुई है। ऐसी आशंका है कि नाक पर छिलने का निशान पुल के ऊपर से फैंकने के दौरान बना होगा। नवजात को फैंकने का कृत्य या तो किसी महिला ने लोक-लाज के भय से किया है या फिर कोई पुरूष उसे मृत अवस्था में फैंक गया है। इसलिए पुलिस ने इस मामले में अज्ञात महिला/पुरूष के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



