तीन दिवसीय दौरे के लिए मॉस्को रवाना हुए राजनाथ, रूस की विक्ट्री डे परेड के आयोजन में लेंगे हिस्सा

Summary :

रक्षा मंत्री रूस की जीत की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित परेड में हिस्सा लेंगे। रूस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मास्को में 24 जून को होने वाली वृहद सैन्य परेड में शामिल होने का न्योता दिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार सुबह तीन दिवसीय दौरे के लिए रूस के मॉस्को रवाना हो गए। रक्षा मंत्री रूस की जीत की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित परेड में हिस्सा लेंगे। रूस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मास्को में 24 जून को होने वाली वृहद सैन्य परेड में शामिल होने का न्योता दिया है।
राजनाथ सिंह ने रवाना होने से पहले ट्वीट करते हुए लिखा, तीन दिन की यात्रा पर मास्को के लिए रवाना। रूस की यात्रा से मुझे भारत-रूस रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। मैं मास्को में 75 वें विजय दिवस परेड में भी शामिल होऊंगा।


दूसरे विश्व युद्ध में सोवियत संघ की जीत को 75 साल पूरे हो रहे हैं, इस मौके पर ये विक्ट्री परेड निकाली जा रही है। पहले ये परेड मई में निकलनी थी, लेकिन कोरोना संकट की वजह से टल गई थी। जानकारी के मुताबिक चीन के मंत्री भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, लेकिन मौजूदा तनाव के कारण राजनाथ सिंह उनसे मुलाकात नहीं करेंगे।

भारतीय परेड का नेतृत्व कर्नल रैंक का अधिकारी करेगा। भारत की तीनों सेनाओं के 75 सदस्य पहले ही विक्ट्री परेड में हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं। विजय दिवस परेड में हिस्सा लेने वाली टुकड़ी का नेतृत्व वीर सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के एक बड़े रैंक के अधिकारी द्वारा किया जा रहा है। 

Desk Team