पाकिस्तान द्वारा समझौता एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने की घोषणा करने के बाद भारत ने रविवार को दिल्ली-अटारी के बीच चलने वाली समझौता लिंक एक्सप्रेस को रद्द कर दिया।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने कहा, ‘पाकिस्तान द्वारा लाहौर और अटारी के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने की घोषणा करने के बाद दिल्ली और अटारी के बीच चलने वाली समझौता लिंक एक्सप्रेस का भी परिचालन रद्द कर दिया गया है।’
पाकिस्तान ने गुरुवार को घोषणा की थी कि नई दिल्ली द्वारा जम्मू-कश्मीर के विशेष राज्य का दर्जा समाप्त किए जाने के बाद उसने भारत के साथ समझौता एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा स्थायी तौर पर बंद कर दी है।
अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने के बाद पाकिस्तान ने सीमापार शांति ट्रेन की सेवा स्थायी तौर पर बंद कर दी है। इसके बाद समझौता एक्सप्रेस ट्रेन आखिरी बार शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंची। ट्रेन 110 यात्री के साथ अपने निर्धारित समय करीब पांच साढ़े घंटे विलंब से पहुंची।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगमन का निर्धारित समय तड़के 3.30 बजे था जबकि ट्रेन सुबह 8.05 बजे पहुंची।
समझौता एक्सप्रेस का परिचालन सप्ताह में दो बार वाघा रेलवे स्टेशन होते हुए लाहौर से अटारी के बीच होता था।
इससे पहले पुलवामा आतंकी हमले और बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के कारण ट्रेन की सेवा रद्द कर दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



