दिल्ली कोचिंग हादसा: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में एक UPSC कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से पिछले सप्ताह हुई तीन छात्रों की मौत के मामले में अपनी मांगें न माने जाने को लेकर आंदोलनरत छात्र अब भूख हड़ताल करेंगे। एक छात्रा ने बताया कि जब भी हमारी बात पुलिस अधिकारियों से हुई तो उन्होंने यही कहा कि आपकी सारी मांगें मान ली गई हैं। उपराज्यपाल से एक बार हमारी मीटिंग हो चुकी है, लेकिन उस मीटिंग का कोई रिजल्ट नहीं निकला। हमारी मांगों पर कोई पुख्ता कदम नहीं उठाया गया, इसलिए अब हम लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जा रहे हैं। हम भूख हड़ताल से तब तक नहीं हटेंगे जब तक उपराज्यपाल से हमारी एक और मीटिंग नहीं हो जाती। उनके साथ मीटिंग के माध्यम से ही हम अपनी मांगों को रखेंगें। इसके बाद हम यह देखेंगे कि जो हमारी पहले की मांगें हैं उनका क्या हुआ? क्या वह पूरी हुईं? या कोई काम शुरू हुआ। हम इस बार छात्रों का डेलीगेशन लेकर राज्यपाल से मिलने जाएंगे जहां अपनी मांगों को रखेंगे।
- अपनी मांगें न माने जाने को लेकर आंदोलनरत छात्र अब भूख हड़ताल करेंगे
- एक छात्रा ने बताया उपराज्यपाल से मीटिंग का कोई रिजल्ट नहीं निकला
हमारा मुद्दा राजनीतिक नहीं- छात्रा
इस पूरे मुद्दे पर राजनीतिक पार्टियों की बयानबाजी पर वह कहती हैं, “हमारा मुद्दा राजनीतिक नहीं है। हमारा मुद्दा प्रशासनिक और कोचिंग सेंटर के बीच का मुद्दा है। हम हमारे साथियों की मौत के मुद्दे के राजनीतिकरण के खिलाफ हैं। हम किसी भी कोचिंग संस्थान के खिलाफ नहीं हैं। बिना कोचिंग संस्थान के मार्गदर्शन के यह परीक्षा निकालना बहुत कठिन है, लेकिन इतना पैसा लेने के बावजूद यदि कोचिंग संस्थान छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं देते तो यह चिंता की बात है।” बता दें कि 27 जुलाई शनिवार को दिल्ली में ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके स्थित राऊ कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर गया था। इसमें डूबने से UPSC की तैयारी करने वाले तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इन छात्रों की पहचान तानिया सोनी, श्रेया यादव और नवीन डेल्विन के रूप में हुई। तानिया सोनी का संबंध बिहार से ही था। वो बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली थी। दिल्ली वो IAS बनने का सपना लिए आई थी और इसी को पूरा करने के लिए जी जान से जुटी थी।
MCD ने किए 29 बेसमेंट सील
दिल्ली में हो रही लगातार बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से आईएएस की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद कोचिंग में छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे है। ऐसे में घटना को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कड़ा कदम उठाते हुए कुल 29 बेसमेंट को सील कर दिया है। लेकिन इस घटना के बाद छात्र दिल्ली के राजेंद्र नगर और मुखर्जी नगर में विरोध प्रदर्शन कर रहे है। छात्रों की मांग है कि हादसे में मारे गए छात्रों को उचित न्याय मिलें।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



