सीबीआई ने एक विमानन घोटाले के सिलसिले में बिचौलिये दीपक तलवार को शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। विशेष न्यायाधीश अनिल कुमार सिसोदिया द्वारा दीपक तलवार की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किये जाने के बाद सीबीआई ने अदालत कक्ष में ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
एजेंसी ने तलवार से पूछताछ के लिए उसकी 14 दिवसीय हिरासत का अनुरोध किया है जिस पर अदालत द्वारा आज ही आदेश पारित किये जाने की संभावना है। तलवार इस समय घोटाले से संबंधित धनशोधन के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है। इस याचिका को तलवार के वकील तनवीर अहमद मीर ने दाखिल किया था। तलवार वर्तमान में प्र्वतन निदेशालय द्वारा दाखिल मामले में तिहाड़ जेल में है।
तलवार को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत से कहा कि वह तलवार का सामना दस्तावेजों से कराना चाहते हैं। तलवार के वकील ने तर्क दिया कि गिरफ्तारी से पहले, अरेस्ट मेमो अनिवार्य गाइडलाइंस का उल्लंघन है। उन्होंने कहा, “रिकॉर्ड पर कोई रिपोर्ट नहीं रखी गई है।” मीर ने कहा, “तलवार बीमार है। उसे मधुमेह है और बाईपास सर्जरी हुई है। अगर उसे हिरासत में भेजा जाता है तो उसे वकील व उसके परिवार से मिलने की अनुमति होनी चाहिए।”
उसने केंद्र में कांग्रेस नीत संप्रग की पूर्व सरकार के दौरान कुछ विमानन सौदों में कथित रूप से भूमिका निभाई थी जिसके कारण वह जांच के दायरे में है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने तलवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के संबंध में आपराधिक मामले दर्ज किए हैं जबकि आयकर विभाग ने उस पर कर चोरी का आरोप लगाया है।


Download Android App
Download iOS App



