भारत-पाक सीजफायर पर संसद सत्र की मांग, कांग्रेस ने जताई चिंता

Summary :

इंदिरा गांधी की याद में कांग्रेस ने संसद बुलाने की मांग

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के ऐलान पर कांग्रेस ने संसद सत्र की मांग की है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अमेरिका द्वारा सीजफायर की घोषणा पर सवाल उठाते हुए इंदिरा गांधी की याद दिलाई और कहा कि सरकार को देश को विश्वास में लेना चाहिए। वहीं, सांसद तारिक अनवर ने इसे सकारात्मक कदम बताया लेकिन पाकिस्तान के रवैये पर चिंता जताई।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम पांच बजे से सीजफायर हो चुका है। इस दौरान राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अमेरिका द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान करने पर सवाल उठाया और संसद का सत्र बुलाने की मांग की। हालांकि, पाकिस्तान ने कुछ ही घंटे बाद सीजफायर का उल्लंघन कर दिया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “जिस तरह भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर करने का ऐलान अमेरिका ने किया, सभी को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बहुत याद आई। इंदिरा जी होतीं तो शायद यह नहीं होता। आज पूरा देश इंदिरा गांधी को याद कर रहा है। भारत सरकार को पूरे देश को विश्वास में लेने के लिए तुरंत संसद का सत्र बुलाया जाना चाहिए। इस सत्र में सारी स्थिति से अवगत कराया जाना चाहिए, ताकि हम लोग पूरे विश्व के अंदर एकजुटता का संदेश देने का काम कर सकें।”

पाकिस्तान को मिले IMF लोन पर गुल पनाग ने ली चुटकी, बोलीं- ‘भारत को जरूरत नहीं’

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के ऐलान पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “अच्छी बात है। भारत कभी नहीं चाहता कि पड़ोसी देशों के साथ उसके संबंध खराब हों। हम लोगों ने संबंध सुधारने का लगातार प्रयास किया है। हमारी नीति स्पष्ट है कि हम शांति चाहते हैं। लेकिन पाकिस्तान का पिछले दिनों जो रवैया रहा और उसने आतंकवादी गतिविधियां कीं, उस कारण भारत को उसका जवाब देना जरूरी था।”

अनवर ने कहा, “युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी कहा करते थे कि हम सब कुछ बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते। ऐसे में हमारी नीति पड़ोसियों के साथ संबंध मजबूत रखने की रही है। आगे कोई भी आतंकी हमला भारत के खिलाफ युद्ध माना जाएगा। भारत सरकार के इस रुख पर कांग्रेस सांसद ने कहा, “बिल्कुल भारत को ऐसी शर्त रखनी चाहिए कि आगे कोई ऐसी हरकत नहीं हो, जिसे हम सीजफायर का उल्लंघन मानें और समझौते में कोई खलल पैदा हो।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.