पाकिस्तान को मिले IMF लोन पर गुल पनाग ने ली चुटकी, बोलीं- ‘भारत को जरूरत नहीं’

Summary :

गुल पनाग ने आईएमएफ लोन पर पाकिस्तान को किया ट्रोल

गुल पनाग ने पाकिस्तान को आईएमएफ से मिले लोन पर तंज कसते हुए कहा कि भारत को इस तरह की वित्तीय सहायता की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि भारत ने 1993 से आईएमएफ से कोई लोन नहीं लिया और सभी ऋणों का भुगतान 2000 तक पूरा कर दिया है।

इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने शुक्रवार को पाकिस्तान को करीब 12 हजार करोड़ का लोन दिया है। यह लोन पाकिस्तान को क्लाइमेट रेजिलिएंस लोन प्रोग्राम के तहत मिला है। इस पर अभिनेत्री गुल पनाग ने चुटकी ली और बताया कि भारत सशक्त है और 1993 से कोई वित्तीय सहायता नहीं ली है।

एक्स पर एक पाकिस्तानी यूजर ने लिखा, “भारत के लिए एक अपमानजनक हार, आईएमएफ कार्यकारी बोर्ड ने पाकिस्तान को लोन के लिए मंजूरी दे दी है। भारत ने इसे रोकने का प्रयास किया था।”

गुल पनाग ने जवाब देते हुए कहा, “सर, एक और लोन के लिए बधाई। हमें उस पैसे की जरूरत नहीं, आपको है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हमने 1993 से आईएमएफ से कोई लोन नहीं लिया है। यहां तक कि हमने सभी ऋणों का भुगतान भी 31 मई, 2000 तक पूरा कर दिया है।”

गुल पनाग ने एक लिंक भी शेयर किया, जिसमें उल्लेख किया गया था, “भारत ने 1993 से आईएमएफ से कोई वित्तीय सहायता नहीं ली है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से लिए गए सभी ऋण का भुगतान 31 मई, 2000 को पूरा हो चुका है।”

उल्लेखनीय है, 9 मई को आयोजित कार्यकारी बोर्ड की बैठक में भारत शामिल नहीं हुआ था। भारत ने पाकिस्तान को आईएमएफ से और अधिक वित्तीय सहायता दिए जाने का कड़ा विरोध करते हुए इस्लामाबाद के पिछले रिकॉर्ड को लेकर चिंता व्यक्त की। भारत ने बैठक में पाकिस्तान को 1.3 बिलियन डॉलर का नया आईएमएफ लोन देने की वोटिंग से खुद को दूर रखा। बैठक में भारत ने पाकिस्तान को दी जा रही फंडिंग पर चिंता जताते हुए एक बयान जारी किया और कहा कि इसका इस्तेमाल पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद फैलाने के लिए करता है।

बता दें, गुल पनाग के पिता हरचरणजीत सिंह पनाग भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल थे।

IMF ने PAK को दिया 1.3 अरब डॉलर का लोन, भारत ने जताया तीखा विरोध ,वोटिंग से बनाई दूरी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.