नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्विक संकट के समय भारत में फीस में कमी यह दर्शाती है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को प्रधानमंत्री मोदी साकार कर रहे हैं।
भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार जनता का विश्वास जीतते आए हैं और संकट के समय देश की आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए दूरदर्शी कदम उठाते हैं।”
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। प्रियंका गांधी समेत हमारे विपक्षी मित्र इसी प्रकार के काम करते हैं, क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि प्रियंका गांधी वाड्रा गुलामी से क्या मतलब निकाल रही हैं। गुलामी का अर्थ था अंग्रेजों के आदेशों का पालन करना। उस दौर में परमाणु परीक्षण पर एक फोन कॉल से रोक लगती थी और युद्ध जीतने के बावजूद समझौते कर लिए जाते थे। ये लोग देश को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस की मानसिकता पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का रवैया अब साफ हो गया है। एक समय उन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे और राम सेतु को लेकर भी विवाद खड़ा किया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील विषयों पर विवाद पैदा करते हैं। इससे कुछ होने वाला नहीं है, जनता को सब जानकारी है और इनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देश के लिए दिशा और स्थिरता प्रदान करता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का समर्थन करें और देशहित में एकजुट रहें। उनका कहना था कि वर्तमान समय में सही दिशा में लिए गए निर्णय ही देश को विकास और सुरक्षा की ओर ले जाएंगे।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



