अपने विरोधियों पर बरसे देवगौड़ा , कहा – उठ सकता हूं धूल से

Summary :

जद(एस) सुप्रीमो एच डी देवगौड़ा ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उनकी एवं उनकी पार्टी की करारी हार के कारण उनकी गरिमा को ठेस लगी है

बेंगुलुरु : जद(एस) सुप्रीमो एच डी देवगौड़ा ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उनकी एवं उनकी पार्टी की करारी हार के कारण उनकी गरिमा को ठेस लगी है। उनके राजनीतिक जीवन पर विराम लगने का दावा करने वाले लोगों पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि शून्य से उनका उदय होगा। 
पूर्व प्रधानमंत्री गौड़ा और उनके पोते निखिल को हाल में लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा कर्नाटक की 28 सीटों में से 25 सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही थी। 
हालांकि गौड़ा के दूसरे पोते प्रज्ज्वल रेवन्ना को हासन सीट से जीत हासिल हुई। राज्य में देवगौड़ा की सहयोगी पार्टी कांग्रेस को भी करारी हार का सामना करना पड़ा था। 
देवगौड़ा ने हाल में आयोजित शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में जीतने वाले जद (एस) के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ निजी रूप से हार के बाद मेरी गरिमा को ठेस लगी है। मैं पार्टी को पुनर्गठित करूंगा।’’ 
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की हार अच्छे के लिए ही हुई है। देवगौड़ा ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘ एक तरह से मुझे अपनी हार पर गर्व है। इससे मुझे यह समझने में मदद मिलेगी कि हम पर कहां प्रहार हुआ और हम इससे कैसे निपट सकते हैं।’’ 
उन्होंने अपने आलोचकों से कहा, ‘‘ वे कहते हैं देवगौड़ा चुनाव हार गए और वह घर पर बैठेंगे। नहीं, मेरे शब्दों की गांठ बांध लें। मुझ में धूल से उठने की क्षमता और नैतिक साहस है।’’ 
दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी पी मुरलीधर राव ने बुधवार को देवगौड़ा का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि जनता ने उनका बोरिया बिस्तर बांध दिया है। 

Shera Rajput