बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने जद (एस)- कांग्रेस मंत्रिमंडल के गठन और विभागों के आबंटन में एच डी देवगौड़ा की अहम भूमिका होने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने महज विभागों को अंतिम रूप दिये जाने को अपनी मंजूरी दी। कुमारस्वामी ने संवाददाताओं से कहा , ‘‘ मुझे मीडिया में इस तरह की खबर दिखायी दी कि मंत्रिमंडल के गठन और विभागों के आबंटन में देवगौड़ा की भूमिका महत्वपूर्ण रही। ये सच से परे है। उन्होंने केवल विभागों की सूची को अंतिम रूप दिये जाने को अपनी मंजूरी दी। ’’ कुमारस्वामी ने ऊर्जा विभाग के लिए जद (एस) के एच डी रेवन्ना और कांग्रेस के डी के शिवकुमार के बीच किसी तरह के गतिरोध से भी इनकार किया।
मुख्यमंत्री ने हालांकि इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने वित्त विभाग की मांग की है। इसके लिए उन्होंने दलील दी कि उन पर लोगों से किये गए वादों को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। केंद्र द्वारा कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के गठन के बारे में कुमारस्वामी ने कहा कि जद (एस)- कांग्रेस सरकार कानूनी और इंजीनियरिंग विशेषज्ञों से राय – मशविरा करने के बाद आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय करेगी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



