नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उल्लंघनों को लेकर कड़ा कदम उठाते हुए स्पाइसजेट के दो और पायलटों का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। सूरत हवाई अड्डे पर विमान के हवाई पट्टी से बाहर फिसल जाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
सूरत हवाई अड्डे पर 30 जून को भोपाल से आ रहा एक क्यू400 विमान हवाई पट्टी के आगे निकल गया था। यह दो दिन में दूसरा मौका है जबकि नियामक ने स्पाइसजेट के पायलटों के खिलाफ कार्रवाई की है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि दो पायलटों… रोहन श्रीमूला नाथन और कंवलजीत सिंह का उड़ान लाइसेंस एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि डीजीसीए ने जांच में पाया है कि एयरलाइन के क्रू सदस्य उच्च गति को लेकर सही रुख नहीं अपनाते जिससे विमान रनवे से आगे निकल जाता है।
अधिकारी ने कहा कि यह विमान पट्टी पर आगे उतरा जहां से रनवे केवल 600 मीटर ही बचा था। अधिकारी ने कहा कि इन पायलटों का निलंबन 30 जून से प्रभावी है। यह घटना उसी दिन हुई थी।
इससे पहले सोमवार को भी नियामक ने सही तरीके से विमान नहीं उतारने के लिए स्पाइसजेट के दो पायलटों का उड़ान लाइसेंस निलंबित किया था। इन पायलटों ने एक जुलाई को विमान को सही तरीके से नहीं उतारा था।
इससे विमान मुंबई हवाई अड्डे पर हवाई पट्टी से आगे निकल गया था। घटना जयपुर से मुंबई आने वाले बोइंग 737 विमान की है। इसकी वजह से मुंबई का मुख्य रनवे तीन दिन तक बंद रहा था।


Download Android App
Download iOS App



