एयर स्ट्राइक को लेकर दिग्विजय ने PM पर फिर दागे सवाल, पुलवामा हमले को बताया दुर्घटना

Summary :

दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह न तो सियासत का सवाल है ना सत्ता का, सवाल उन बिलखती बहनों का है जिन्होंने अपने भाई खोए हैं और सवाल उस वीरांगना का है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के शिविर पर भारतीय वायु सेना की कार्रवाई में मारे गये आतंकवादियों की संख्या को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस बारे मे सच्चाई बताने की फिर मांग की है। लेकिन यह पूछते हुए उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले को ‘दुर्घटना’ करार दिया है।

दिग्विजय सिंह ने वायु सेना द्वारा की गई कार्रवाई के संदर्भ में आज कई ट्वीट करते हुए कहा, ”पुलवामा दुर्घटना के बाद हमारी वायु सेना द्वारा की गई ”एयर स्टाईक के बाद कुछ विदेशी मीडिया में संदेह पैदा किया जा रहा है जिससे हमारी भारत सरकार की विश्वसनीयता पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है।”

उन्होंने कहा कि सरकार के कुछ मंत्री कहते हैं कि 300 आतंकवादी मारे गये, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कहते हैं कि 250 मारे हैं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते हैं 400 मारे गये और एक अन्य मंत्री एस एस अहलुवालिया कहते एक भी नहीं मारा गया। उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री जी आप इस विषय में मौन हैं। देश जानना चाहता है कि इसमें झूठा कौन है।”

Digvijay tweet

एयर स्ट्राइक के सबूत जारी किए जाएं : दिग्विजय सिंह

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी तथा भाजपा वायु सेना की कार्रवाई को चुनावी मुद्दा बनाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘आप और आपकी पार्टी के वरिष्ट नेता सेना की सफलता को जिस प्रकार से केवल भाजपा सफलता साबित कर चुनावी मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं वह हमारे देश के सुरक्षा कर्मियों की बहादुरी और समर्पण का अपमान है। देश का हर नागरिक भारतीय सेना व समस्त सुरक्षा कर्मियों का सम्मान करता है।’’

digvijay tweet

दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह न तो सियासत का सवाल है ना सत्ता का, सवाल उन बिलखती बहनों का है जिन्होंने अपने भाई खोए हैं सवाल उस मॉं का है जिसके लाड़ले की शाहदत हुई है और सवाल उस वीरांगना का है। जिसने अपना पति खोया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से प्रश्न किया कि वह इसके सवालों का जवाब कब देंगे।

Digvijay tweet

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ”हमें हमारी सेना, उनकी बहादुरी पर गर्व है व सम्पूर्ण विश्वास है। सेना में मैंने मेरे अनेकों परिचित व निकट के रिश्तेदारों को देखा है किस प्रकार वे अपने परिवारों को छोड़ कर हमारी सुरक्षा करते हैं। हम उनका सम्मान करते हैं।” बता दें कि इससे पहले भी दिग्विजय सिंह ने एयर स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। इसके बाद बीजेपी ने उनके बयान का विरोध किया था।

Digvijay tweet

 

Desk Team