दिल्ली में सांसों पर पहरा, सरकार सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट कर रही है : अनिल भारद्वाज

Summary :

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक अनिल भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिवाली वाले दिन दिल्ली का एक्यूआई 1,500 तक पहुंच गया और पिछले एक हफ्ते में मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सरकार सिर्फ लोकलुभावन घोषणाओं और इवेंट मैनेजमेंट में लगी है। उन्होंने यमुना में क्रूज चलाने को लेकर भी सरकार को घेरा। अनिल भारद्वाज ने कहा, “पिछले एक हफ्ते में मरीजों की संख्या बढ़ी है। निश्चित तौर पर स्थिति बिल्कुल भी सामान्य नहीं है। दिवाली वाले दिन दिल्ली का एक्यूआई…

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक अनिल भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिवाली वाले दिन दिल्ली का एक्यूआई 1,500 तक पहुंच गया और पिछले एक हफ्ते में मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सरकार सिर्फ लोकलुभावन घोषणाओं और इवेंट मैनेजमेंट में लगी है। उन्होंने यमुना में क्रूज चलाने को लेकर भी सरकार को घेरा।

अनिल भारद्वाज ने कहा, “पिछले एक हफ्ते में मरीजों की संख्या बढ़ी है। निश्चित तौर पर स्थिति बिल्कुल भी सामान्य नहीं है। दिवाली वाले दिन दिल्ली का एक्यूआई 1,500 तक पहुंच गया था। जिस तरह से दिल्ली में लगातार वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, उससे सरकार के दावे सिर्फ खोखले साबित हो रहे हैं। दिल्ली की सरकार लोकलुभावन घोषणाएं करती है। क्रूज चला रहे हैं। अरे भाई, आपने कुछ दिनों के लिए किसी तरह पानी छोड़वा लिया, लेकिन दिल्ली में उस क्रूज की वास्तविक स्थिति क्या है? वह कोई बड़ा क्रूज नहीं है, बल्कि मैं कहूंगा कि वह एक थोड़ी बड़ी नाव है। उसकी स्थिति किसी वास्तविक क्रूज जैसी नहीं है।”

अनिल भारद्वाज ने कहा कि आप लोगों को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? आप सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट करके लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं कि हमने यमुना में क्रूज चला दिया। लेकिन सवाल यह है कि क्या यमुना साफ है? क्या यमुना के आसपास की हवा स्वच्छ है? क्या दिल्ली की हवा स्वच्छ है? सवाल यह है कि सांसों पर पहरा बैठ गया है और ऐसी स्थिति में ये सब बातें बेईमानी हैं। सरकार को कुछ ठोस कार्यक्रमों के साथ आना चाहिए था। पिछले 12-13 वर्षों में दिल्ली में जो भी सरकारें रही हैं, उन्होंने कोई ठोस काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब हमने पूरे पब्लिक ट्रांसपोर्ट को क्लीन फ्यूल यानी सीएनजी पर लाया था। बहुत विरोध के बावजूद हमने यह कदम उठाया था, क्योंकि सवाल लोगों की जिंदगी से जुड़ा हुआ था। दिल्ली एक बड़ा शहर है, जहां लोगों को लगातार एक जगह से दूसरी जगह आना-जाना पड़ता है। नागरिकों को नौकरी, स्कूल, व्यापार और अन्य कामों के लिए लगातार आवागमन करना पड़ता है। दिल्ली की हवा जिस तरह प्रदूषित हुई है और पिछले 12-13 वर्षों में प्रदूषण जिस तरह बढ़ा है, वह चिंताजनक है। वर्ष 2006, 2007, 2008, 2009 और 2010 के दौरान दिल्ली को दुनिया की सबसे हरित राजधानियों में गिना जाता था, जबकि आज दिल्ली सबसे प्रदूषित राजधानियों में शीर्ष स्थान पर है।

अनिल भारद्वाज ने कहा कि हमारी जानकारी में यह भी आया है कि डेटा मैनेज करने की कोशिश की जा रही है। जब प्रदूषण का स्तर बढ़ा, तब कहीं न कहीं इसे नियंत्रित दिखाने की कोशिश की गई, ताकि लोगों तक वास्तविक जानकारी न पहुंचे। लेकिन यह कोई समाधान नहीं है। दिल्ली के लोग आपसे स्थायी समाधान चाहते हैं। आपने देखा है कि 12 वर्षों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ा है। मैंने पहले भी कहा कि दिल्ली कभी दुनिया की एक ग्रीन कैपिटल मानी जाती थी। कांग्रेस सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को क्लीन फ्यूल पर लाकर लोगों को स्थायी राहत दी थी। हमारा सरकार से सीधा कहना है कि इवेंट मैनेजमेंट बंद कीजिए, लोगों की आंखों में धूल झोंकना बंद कीजिए और सीधे तौर पर दिल्ली के नागरिकों को राहत देने वाले ठोस कदम उठाइए।

–आईएएनएस

केके/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.