प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विमानन क्षेत्र के सलाहकार दीपक तलवार , उनसे जुड़े एनजीओ से संबंधित कथित धन शोधन मामले में जांच के सिलसिले में आज दिल्ली और हरियाणा में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने कहा कि तलवार और एनजीओ के खिलाफ यह कार्रवाई विदेशी मार्ग से मिले 90 करोड़ रुपये के कोष के दुरुपयोग के मामले में की गई है।
उन्होंने बताया कि सीबीआई की पिछले साल दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने धन शोधन निरोधक कानून के तहत आपराधिक मामला दायर किया था। इस मामले में तलवार और अन्य के नौ परिसरों पर छापेमारी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी की टीमें दिल्ली और हरियाणा में इन स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। वे दस्तावेज और प्रमाण जुटा रही हैं।
बताया जाता है कि तलवार काफी समय से देश से बाहर हैं। उनके बारे में खबर है कि वह दुबई में हैं।
प्रवर्तन निदेशालय का यह मामला विदेशी चंदा नियमन कानून के तहत विदेशी चंदे के दुरुपयोग से संबंधित है। यह चंदा उन्हें कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत देश में शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए प्राप्त हुआ था। एजेंसी इस मामले में लांड्रिंग की जांच कर रहा है।
पिछले साल आपराधिक मामला दर्ज करने के बाद सीबीआई ने इस मामले में नवंबर में कई स्थानों पर छापेमारी की थी। सीबीआई ने उस समय कहा था कि यह राशि कथित रूप से विदेश में स्थित एक कंपनी से मिली थी। 90.72 करोड़ रुपये की यह राशि एफसीआरए , 2010 के तहत पंजीकृत दिल्ली की कंपनी – एनजीओ को प्राप्त हुई थी। बाताया गया कि यह धन शिक्षा के क्षेत्र में समाज सेवा के लिए आया था।
सीबीआई ने छह इकाइयों दिल्ली के एनजीओ एडवांटेज इंडिया , एकार्डिस हेल्थकेयर प्राइवेट लि ., तलवार , एकॉर्डिस हेल्थ के सुनील खंडेलवाल , एकॉर्डिस हेल्थ के प्रबंध निदेशक रमन कपूर , एक अन्य सलाहकार टी कपूर तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



