दमन : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संदिग्ध शराब माफिया के यहां छापेमारी के दौरान लगभग 2.4 करोड़ रूपये की शराब और तीन महंगी कारें जब्त की।
अधिकारियों ने ये छापेमारी कल रमेश जे पटेल उर्फ माइकल, उनकी पत्नी तथा अन्य के खिलाफ की। आरोप है कि वे दमन से शराब की तस्करी गुजरात करते हैं। गुजरात में शराब सेवन पर कानूनन पाबंदी है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली में एक बयान जारी कर कहा कि गुजरात निषेध अधिनियम, 1949 के तहत पटेल के खिलाफ करीब 30 मामले दर्ज हैं और अब एजेंसी ने इन आरोपों के आधार पर और आबकारी कानून के कथित उल्लंघन के लिए उसके खिलाफ धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इसमें कहा गया कि एजेंसी के सूरत स्थित मंडलीय कार्यालय ने छापेमारी की और दो करोड़ रूपये लागत की कारें: एक लैंड रोवर इवोक्यू तथा दो ऑडी बरामद की। इसके अलावा 2.54 करोड़ रूपये की विभिन्न ब्रांड की शराब की 1.91 लाख से ज्यादा बोतलें तथा नौ लाख रूपये नगद भी बरामद किया गया।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



