जयपुर : राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश में छात्रवृत्ति, पेंशन एवं पालनहार योजना के लंबित लाखों प्रकरणों के निस्तारण से पात्र लोगों को राहत मिली है।
डॉ.चतुर्वेदी ने आज निदेशालय परिसर में पक्षियों के लिए परिण्डे बांधने के अभियान के शुभारम्भ करते हुये कहा कि विभाग के अथक प्रयासों से साढे तीन साल में छात्र वृति एवं पेंशन के लाखों प्रकरणों का निस्तारण करने से आम लोगों में विभाग के प्रति सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि आमजन में आये इस सकारात्मक सोच को बनाये रखने में अपनी महती भूमिका निभावें।
उन्होंने कहा कि लोगों को समयबद्ध व पूरी पारदर्शिता से योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य को लेकर विभाग की 17 योजनाओं को ऑनलाईन किया जा चुका है। प्रदेश में पांच लाख बच्चों को छात्रवृत्तियों का भुगतान करने के साथ 96 प्रतिशत लोगों को आनलाईन कर खातों के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चुनौतियों का सामना करने के लिये व्यवस्थाओं में और सुधार करने का आग्रह करते हुये कहा कि जहां भी कमी लगे, उसे दूर करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. समित शर्मा ने विश्वास दिलाया कि विभाग का प्रत्येक कर्मचारी पात्र पीडितों,गरीबों और जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने के लिये टीम भावना से कार्य करेगा।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



