देशभर में फैले कोरोना महामारी के चलते देशी की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से डगमगा गई। वायरस के चलते देशभर में जारी लॉकडाउन के कारण तमाम विश्वविद्यालयों समेत 10 और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित हो गई है। इस बीच, मंगलवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कोविड-19 से जुड़े मुद्दों और मध्याह्न भोजन (मिड डे मिल) कार्यक्रम पर चर्चा करने के लिए राज्य के शिक्षा मंत्रियों की बैठक बुलाई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह बैठक मंगलवार को दो बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘एचआरडी मंत्री कोविड-19 से निपटने, मध्याह्न भोजन कार्यक्रम, समग्र शिक्षा कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर कल वीडियो कॉल के माध्यम से राज्य के शिक्षामंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।’’
देशभर में विश्वविद्यालय एवं विद्यालय 16 मार्च से बंद हैं। केंद्र ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में कक्षाओं को बंद करने की घोषणा की थी। बाद में, 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन घोषित किया गया। जिसे तीन मई तक बढ़ा दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



