ईएसआईसी-गुवाहाटी भर्ती 2026 : टीचिंग फैकल्टी के 33 पदों पर वैकेंसी, 15 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

Summary :

दिसपुर, 1 सितंबर (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए यह अच्छा मौका है। दरअसल, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल, गुवाहाटी ने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अपने विभिन्न विभागों में टीचिंग फैकल्टी के विभिन्न 33 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। ईएसआईसी-गुवाहाटी की ओर से जारी 33 रिक्तियों में प्रोफेसर के 6, एसोसिएट प्रोफेसर के 13 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 14 पद शामिल हैं। जिन विभागों में प्रोफेसर के 6 पदों पर भर्ती निकली…

दिसपुर, 1 सितंबर (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए यह अच्छा मौका है। दरअसल, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल, गुवाहाटी ने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अपने विभिन्न विभागों में टीचिंग फैकल्टी के विभिन्न 33 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

ईएसआईसी-गुवाहाटी की ओर से जारी 33 रिक्तियों में प्रोफेसर के 6, एसोसिएट प्रोफेसर के 13 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 14 पद शामिल हैं। जिन विभागों में प्रोफेसर के 6 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें फार्माकोलॉजी, एफएमटी, पीडियाट्रिक्स, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और एनेस्थीसिया में 1-1; एसोसिएट प्रोफेसर के 13 पदों पर जिन विभागों में भर्ती निकली है, उनमें फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, डर्मेटोलॉजी, साइकियाट्री, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, एनेस्थीसिया, रेडियोडायग्नोसिस और मेडिकल ऑन्कोलॉजी में 1-1; और एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, जनरल मेडिसिन, डर्मेटोलॉजी, साइकियाट्री, एनेस्थीसिया और स्टैटिस्टिशियन में 1-1 एवं रेडियोडायग्नोसिस, एक्सीडेंट और इमरजेंसी व आईसीयू में 2-2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर पद के लिए 67,700 रुपए, एसोसिएट प्रोफेसर पोस्ट के लिए 78,800 रुपए और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 1,18,500 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास एनएससी गाइडलाइंस के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव होना चाहिए। वहीं, आवेदकों की अधिकतम आयु 69 वर्ष तय की गई है।

वॉक-इन इंटरव्यू 15 सितंबर को सुबह 10 बजे से ‘डीन का कक्ष, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल, बेल्टोला, गुवाहाटी-781022’ पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों के केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच तय किया गया है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी भी लाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। फिर नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ईएसआईसी की ओर से यह नियुक्ति शुरू में 3 वर्ष के लिए होगी, जिसे उम्मीदवारों के संतोषजनक परफॉर्मेंस के आधार पर हर वर्ष 2 वर्ष तक और बढ़ाया जा सकता है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.