प्रयागराज : कुम्भ मेला के पांचवे स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर मंगलवार को सेक्टर 5 में एक शिविर में आग लग गई जिससे वहां पांच टेंट जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई । मुख्य अग्निशमन अधिकारी (कुम्भ मेला) प्रमोद शर्मा ने बताया कि पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे सेक्टर 5 स्थित शिविर में प्रसाद तैयार करते समय एक टेंट में आग लग गई और आग की चपेट में अन्य चार शिविर भी आ गए।
उन्होंने बताया, ‘‘धुंआ उठता देख अग्निशमन कर्मचारी तत्काल दमकल गाड़ी लेकर वहां पहुंचे जिससे 10 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक 5 टेंट जलकर राख हो चुके थे। शिविर में 45-50 टेंट थे जहां कल्पवासी रह रहे थे।’’ उन्होंने बताया, ‘‘कल्पवासियों का आज अंतिम स्नान होने के चलते वे समूह में गैस पर प्रसाद बना रहे थे । जो टेंट जले वे मध्य प्रदेश से आए कल्पवासियों के थे। आग लगने से उनके रजाई-गद्दे और घरेलू सामान जल गए हैं ।’’ उल्लेखनीय है कि पौष पूर्णिमा से शुरू हुआ एक माह का कल्पवास मंगलवार को माघी पूर्णिमा स्नान के साथ समाप्त हो गया।


Download Android App
Download iOS App



