भोपाल : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के पदाधिकारियों से कहा है कि वे मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का फीडबैक ध्यान से सुनें। भाजपा के श्री सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में यह बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत तथा सह संगठन महामंत्री अतुल राय सहित पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बात को ध्यान से सुनना चाहिए।
यही कार्यकर्ता सही फीडबैक देता है और आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर नेतृत्व को अवगत कराता है। श्री सिंह ने पार्टी के संभागीय प्रभारियों से विशेष रूप से कहा कि उनकी भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए जो भी प्रदेश उपाध्यक्ष या महामंत्री, संभाग प्रभारी हैं, वे अपने प्रवास में मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं से विस्तृत बातचीत करें।
श्री सिंह ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और मंडल एवं बूथ के कार्यकर्ताओं को भी इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद उन्होंने पार्टी के सातों मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों तथा महामंत्रियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर सभी मोर्चा अध्यक्षों ने पिछले तीन महीनों का कार्य प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



