विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन परस्पर सुविधाजनक समय पर एक दूसरे के साथ बातचीत करेंगे। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को द्विदलीय समर्थन प्राप्त है।
विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में बाइडेन द्वारा मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नजदीकी मुकाबले में पराजित करने के कुछ दिनों बाद आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट के जरिए बाइडेन को बधाई दी थी और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने में पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति के योगदान की भी सराहना की थी।
अनुराग श्रीवास्तव ने ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा था कि वह भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हैं। यह पूछे जाने पर कि दोनों नेता कब एक-दूसरे के साथ बातचीत करेंगे, उन्होंने कहा कि भविष्य में परस्पर सुविधाजनक समय’ पर बातचीत होगी।
अमेरिका के अगले प्रशासन के तहत संबंधों के भविष्य के बारे में श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों की नींव बहुत मजबूत है और दोनों देशों के बीच इस व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को अमेरिका में दोनों दलों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा, ‘‘यह देखा गया है कि विभिन्न राष्ट्रपतियों और प्रशासनों ने संबंधों को आगे बढ़ाया है। पिछले 4 वर्षों में भारत और अमेरिका के संबंध काफी प्रगाढ़ हुए हैं और रक्षा तथा सुरक्षा क्षेत्रों में यह विशेष रूप से देखा गया है।


Download Android App
Download iOS App



