पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया

Summary :

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का रविवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का रविवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। जसवंत सिंह के निधन पर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। उनके निधन पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा’ “जसवंत सिंह जी ने हमारे देश की सेवा पूरी मेहनत से की। पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान। अटल जी की सरकार के दौरान, उन्होंने महत्वपूर्ण विभागों को संभाला और वित्त, रक्षा और बाहरी मामलों की दुनिया में एक मजबूत छाप छोड़ी। उनके निधन से दुखी”।

वर्ष 2014 में भाजपा ने सिंह को राजस्थान के बाड़मेर से लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया था। इसके बाद नाराज  सिंह ने पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़े मगर हार गए। उसी वर्ष उन्हें सिर में गंभीर चोटें आई, तब से वह कोमा में थे। 

सिंह ने पहले सेना में रहकर देश सेवा की और बाद में राजनीति का दामन थाम लिया था। सिंह 1980 से 2014 तक सांसद रहे और इस दौरान उन्होंने संसद के दोनों सदनों का प्रतिनिधित्व किया। उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह भी राजनीति में हैं।

Desk Team