परीक्षा पे चर्चा का चौथा एपिसोड, PM मोदी ने छात्रों को दिए पोषण टिप्स

Summary :

कैसे रहें ऊर्जावान, छात्रों के लिए पीएम मोदी के पोषण टिप्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ के चौथे एपिसोड को लेकर अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी शेयर की। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि आज के ‘परीक्षा पे चर्चा’ एपिसोड में रुजुता दिवेकर और शोनाली सभरवाल ने स्मरणशक्ति बढ़ाने, ऊर्जावान बने रहने और परीक्षा के दौरान एकाग्रता में सुधार के लिए पोषण टिप्स साझा किए।यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 10 बजे प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इस वर्ष परीक्षा देने जा रहे छात्रों को यह बताना था कि वे कैसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकते हैं।

इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध पोषण विशेषज्ञ शोनाली सभरवाल, रुजुता दिवेकर और हेल्थ इंफ्लुएंसर रेवंत हिमातसिंका शामिल हुए। इन सभी विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे छात्र परीक्षा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखकर खुद को तनाव मुक्त रख सकते हैं। कार्यक्रम में शामिल शोनाली ने कहा कि अगर आप कॉफी पी रहे हैं, तो उसकी जगह ग्रीन टी लेना शुरू कर दें। अगर आपको रिलैक्स करना है, तो बीटरूट जूस का सेवन करें। पढ़ाई के दौरान ब्रेन को क्रंची फूड पसंद आता है। इस कारण हम चिप्स खाते हैं। लेकिन आप घर पर शकरकंदी के चिप्स बना सकते हैं। शुगर क्रेविंग के लिए सीमित मात्रा में डार्क चॉकलेट खाई जा सकती है।

शोनाली ने बताया कि अगर तनाव के कारण कब्ज की समस्या हो रही है, तो आप केले और दही-चीनी का सेवन कर सकते हैं। इसके साथ ही पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए आप शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान दें, जो कि बेहद जरूरी है। सिर्फ एक जगह बैठकर पढ़ाई न करें। अगर आप आधे घंटे के लिए भी खेलकूद करेंगे, तो आपका पोस्चर सही रहेगा। थोड़ा वॉक करने से भी आपकी सेहत बेहतर होती है और अच्छा लगता है। वहीं, कार्यक्रम में शामिल हुईं रुजुता ने बताया कि जैसे एग्जाम में अलग-अलग सब्जेक्ट होते हैं, वैसे ही आपके खाने में भी विविधता होनी चाहिए। एनर्जी ड्रिंक से तनाव बढ़ता है, इसलिए आप इसकी जगह केला खा सकते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.