महाकुंभ में योगी सरकार की बेहतरीन व्यवस्था: BJP सांसद रेखा शर्मा

Summary :

रेखा शर्मा ने महाकुंभ में योगी सरकार की व्यवस्थाओं को सराहा

भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने शुक्रवार को प्रयागराज पहुंची। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ में की गई व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की और योगी सरकार के प्रयासों को बेहतर बताया। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए रेखा शर्मा ने कहा कि महाकुंभ में योगी सरकार की बहुत अच्छी व्यवस्था है, मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। लोगों को कोई समस्या नहीं आ रही। जब मैं एयरपोर्ट से बाहर आई, तो कोई भारी भीड़ नहीं थी, न ही लंबी लाइनें थीं।

महाकुंभ मेला क्षेत्र में की गई टेंट की व्यवस्था की तारीफ करते हुए भाजपा सांसद ने कहा, ” टेंट में भी बहुत अच्छी व्यवस्था है। मुझे लगता है कि योगी सरकार ने करोड़ों लोगों के लिए इतनी बेहतरीन व्यवस्था की है। यह एक जीवन भर का अवसर है, जिसे मैं गंवाना नहीं चाहती थी। उन्होंने कहा कि वह संसद सत्र समाप्त होने के बाद यहां आईं और शनिवार से वह अपने बाकी सामान्य कार्यों को फिर से शुरू करेंगी। आस्था पहले है, बाकी काम बाद में। रेखा शर्मा ने आगे कहा कि वह सुरक्षा कर्मी या पुलिस बल के साथ यहां नहीं आई हैं। बोलीं, ” मैं जब सुबह आई तो रास्ते पूरी तरह से खाली थे, कोई भीड़ नहीं थी। मेरे साथ कोई पुलिस भी नहीं थी, न ही कोई एस्कॉर्ट था, मैं सामान्य तरीके से आई हूं।

बता दें कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक सांस्कृतिक समागम ‘महाकुंभ 2025’ ने दुनिया को अचंभित कर रखा है। दुनियाभर के बड़े धार्मिक आयोजनों में यह अपनी विशेष पहचान बना चुका है। प्रयागराज में मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के पावन संगम में आस्था का अटूट रेला उमड़ रहा है। महाकुंभ में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, स्नानार्थियों और गृहस्थों का स्नान अब उस शिखर पर पहुंच गया है, जिसकी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उम्मीद की थी। 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अब तक संगम में आस्था की डुबकी लगाई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.