सिक्किम से बिहार तक, 3 दिन में पांच राज्यों का धुआंधार दौरा करेंगे पीएम मोदी

Summary :

सिक्किम से बिहार तक, पीएम मोदी की विकास यात्रा

जिसमें सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश शामिल हैं। दौरे के दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। इस यात्रा में मोदी कई रैलियों और सभाओं को संबोधित करेंगे, जिससे जनता को विभिन्न योजनाओं की सौगात मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों देश के राज्यों का लगातार दौरा कर वहां की जनता को सौगात दे रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी लगातार पांच राज्यों के दौरे पर रहेंगे। वह तीन दिन के अंदर पांच अलग-अलग राज्य जाएंगे, जहां कई रैलियां और सभाओं को संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी 29 मई को सबसे पहले सिक्किम जाएंगे, जहां वह ‘सिक्किमएट50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को पोषित करती है’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सिक्किम में प्रधानमंत्री मोदी कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इनमें नमची जिले में 750 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाला 500 बिस्तरों का नया जिला अस्पताल, गंगटोक जिले के संगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की स्थापना, सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने पर स्मारक सिक्का, स्मृति सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी उसी दिन दोपहर 2:15 बजे अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, बंगाल को कई अन्य योजनाओं की सौगात देने के बाद प्रधानमंत्री बिहार रवाना होंगे। यहां वह पटना में एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक एक विशाल रोड शो करेंगे। 29 मई को शाम करीब 5:45 बजे पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। पटना में रात भर रुकने के बाद प्रधानमंत्री 30 मई की सुबह 11 बजे बिहार के काराकाट में 48,520 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे। वे यहां एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

बिहार दौरे पर 48,520 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी यूपी दौरे पर रवाना होंगे। यहां वह लगभग 20,900 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पीएम मोदी कानपुर के सीएसए ग्राउंड में एक जनसभा भी करेंगे।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी 31 मई को मध्य प्रदेश के दौरे पर जाएंगे। सीएम मोहन यादव ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि पीएम मोदी 31 मई को भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम और महिला सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।

मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक, 31 मई को पीएम मोदी का मध्य प्रदेश दौरा है। यहां वह वर्चुअली इंदौर मेट्रो ट्रेन की सौगात देंगे। सतना और दतिया में नव निर्मित एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

बिहार समेत इन 4 राज्यों को PM का तोहफा, मिलेगा 70,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लाभ

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.