घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ने वाले देवभूमि के लोगों को बता रहे घुसपैठिया: मुख्यमंत्री योगी

Summary :

लखनऊ, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड से थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा भी उत्तराखंड से ही आती हैं, ऐसे में उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच और विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है। सीएम योगी बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन…

लखनऊ, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड से थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा भी उत्तराखंड से ही आती हैं, ऐसे में उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच और विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है।

सीएम योगी बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर उंगली उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं। उत्तराखंड का नौजवान सीमाओं पर खड़ा होकर यह नहीं देखता कि वह उत्तराखंड की सीमा पर है, अरुणाचल में है या राजस्थान में। उसके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि होती है।

उन्होंने कहा कि छोटी बुद्धि के लोग महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर उच्छृंखल व्यवहार करते हैं। ऐसे लोगों को जनता बार बार ठुकराती है। इनकी संवेदना लोक परंपरा, लोक संस्कृति और लोक आस्था से नहीं, बल्कि दुर्दांत माफियाओं से जुड़ी होती है। माफिया के मरने पर ये आंसू बहाते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन में निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश मिलने पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया था। सजा मिलने के बावजूद उनका साहस नहीं टूटा।

उन्होंने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के प्रति समर्पण का भाव दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वस्त किया कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में उसके आयोजन निर्बाध रूप से चलते रहेंगे। यह स्थल उत्तराखंड से जुड़े कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगा और यहां कोई अन्य गतिविधि नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंडवासियों के साथ खड़ी है। उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत द्वारा स्थापित उत्तराखंड महापरिषद पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक गायन और खानपान को संरक्षित करने का कार्य कर रही है। अवध की संस्कृति और देवभूमि का गौरव इस महोत्सव में एक साथ दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन प्राकृतिक पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं, लेकिन उनकी पर्याप्त ब्रांडिंग नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मिलेट को प्रोत्साहित किया तो लोगों ने कोदो और झंगोरा जैसे अनाजों के बारे में जानना शुरू किया। कुल्थ की दाल का स्वाद ऐसा है कि एक बार खाने वाला उसे भूल नहीं सकता। उन्होंने महोत्सव में मड़वा, झंगोरा और चौलाई सहित पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाने की सराहना की। बताया कि उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के बाद अब वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन यानी एक जिला एक व्यंजन अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय खानपान को पहचान दिलाने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने उत्तराखंड के कलाकारों को मंच देने और नई पीढ़ी को उनसे जोड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंचप्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। अपनी विरासत पर गौरव, गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति, सेना और सुरक्षाबलों के प्रति सम्मान, सामाजिक एकता तथा नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन ही विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, पंचप्रयाग, कैंची धाम और अन्य तीर्थों की तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा विरासत हैं। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाले तत्वों से सावधान रहना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में अयोध्या में अंधेरा और गंदगी रहती थी। आज अयोध्या और काशी जगमगा रही हैं। भव्य दीपोत्सव और दिव्य कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्य था, अब देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले जिलों में माफियाओं का वर्चस्व था, लेकिन अब उनकी स्थिति बदल चुकी है। ईमानदारी से प्रयास किए जाएं तो विकास का मार्ग खुलता है। मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की प्रसिद्ध लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया।

उन्होंने दोनों के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले पंडित गोविंद वल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी को भी स्मरण किया। उन्होंने नारायण दत्त तिवारी की जन्मशताब्दी का उल्लेख किया। महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक विकसित भारत श्रेष्ठ भारत का विमोचन किया। इस अवसर पर स्मारिका के प्रधान संपादक पूरन सिंह जीना भी मौजूद रहे। यह स्मारिका उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा तथा सांस्कृतिक उपलब्धियों को संकलित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.