नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर देश की विदेश नीति पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का काम करते हैं और यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि हर महीने विदेश यात्रा करने से वे विदेश नीति के विशेषज्ञ बन गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे पर्यटक की तरह ‘मकर द्वार’ जैसे स्थानों पर चाय-कॉफी पीते हैं और फिर देश की आलोचना करते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह रवैया नया नहीं है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी राहुल गांधी ने इसी तरह लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की थी। उस समय राहुल गांधी कभी कहते थे कि बच्चों को वैक्सीन क्यों नहीं दी जा रही है, तो कभी किसी और मुद्दे को उठाकर सरकार पर सवाल खड़े करते थे।
उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में सरकार ने न केवल देश के लोगों की सेवा की बल्कि भारत ने अपनी विदेश नीति के जरिए दुनिया के कई देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर भी जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का काम अब सिर्फ भ्रम फैलाने तक सीमित रह गया है और उनके बयानों में गंभीरता की कमी दिखाई देती है। राहुल गांधी को शायद यह भी ठीक से पता नहीं है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका क्या होती है। यह स्थिति कांग्रेस पार्टी के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है।
बता दें कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को पश्चिम एशिया संकट के चलते होटल उद्योग पर पड़ रहे एलपीजी की कमी के असर को लेकर चिंता जताई थी। लोकसभा में राहुल गांधी ने दावा किया कि यह मुद्दा ‘तकलीफ की शुरुआत’ है जो आने वाले दिनों में और भी बदतर हो सकती है।
उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना भी की और सवाल उठाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यह कैसे तय कर सकते हैं कि भारत को अपना तेल कहां से और किससे खरीदना चाहिए।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)






















