गुजरात दौरा : राहुल ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले कमज़ोर-ग़रीब के लिए इनके दिल में नहीं है जगह

Summary :

NULL

इस साल के अंत में गुजरात विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनज़र कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज तीन दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे हैं। राहुल ने रोड शो के दौरान जीएसटी और रोजगार के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा हिंदुस्तान का युवा काम  करना चाहता है, देश को बनाना चाहता है। बीजेपी की सरकार उसे रोज़गार नहीं दे पा रही। आगे राहुल ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी जी ने बिना किसी से पूछे, हिंदुस्तान की इकॉनमी पर, ज़बरदस्त आक्रमण किया’। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा, हिंदुस्तान में जो कमज़ोर, ग़रीब है। उसके लिए इनके दिल में जगह नहीं है। लेकिन अमीर के लिए ये सब दरवाज़े खोल देते हैं।

कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने राहुल गांधी के गुजरात दौरे पर उनका स्वागत किया है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि हार्दिक पटेल ने किसी राजनीतिक गठबंधन के संकेत दिए हैं।

हार्दिक पटेल ने राहुल के आगमन के मौके पर ट्वीट करते हुए कहा, “कोंग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल जी का गुजरात में हार्दिक स्वागत हैं।जय श्री कृष्णा।”

राहुल ने सोमवार को द्वारकाधीश मंदिर में पूजा अर्चना की, पूजा करने के बाद राहुल रोडशो भी करेंगे। मंदिर में पूजा करने के बाद गुजरात में पार्टी के चुनाव प्रचार के तहत वह सड़क मार्ग से सौराष्ट्र क्षेत्र का दौरा करेंगे। राहुल गांधी अपने तीन दिवसीय रोड शो की शुरुआत द्वारका से करेंगे। इस दौरे के दौरान राहुल गांधी रोड शो, जनसंवाद और किसानों से मुलाकात करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल इसके बाद जामनगर शहर जाएंगे जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे। 26 सितंबर को वह धरोल और टंकारा शहरों से होते हुए राजकोट पहुंचेंगे। राजकोट में वह व्यवसायियों और उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे। दौरे के आखिरी दिन राहुल गांधी चोटिला, जसदान, वीरपुर, जेतपुर और अन्य शहरों का दौरा करेंगे और फिर खोडलधाम में अपना प्रचार अभियान समाप्त करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सौराष्ट्र दौरे के बाद वह उत्तर, मध्य और दक्षिण गुजरात में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। जिसके लिए तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।

Desk Team