गुरुग्राम हाउसिंग प्रोजेक्ट घोटाला: सीबीआई ने सीएचडी डेवलपर्स के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

Summary :

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामलों की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम स्थित हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में सीएचडी डेवलपर्स लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत भोले-भाले घर खरीदारों और निवेशकों को झूठे आश्वासनों, गुमराह करने वाले दावों और धोखेभरे वादों के जरिए फंसाकर उनसे भारी रकम वसूली। सीबीआई जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने परियोजना को लेकर आकर्षक…

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामलों की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम स्थित हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में सीएचडी डेवलपर्स लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

एजेंसी ने आरोप लगाया है कि बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत भोले-भाले घर खरीदारों और निवेशकों को झूठे आश्वासनों, गुमराह करने वाले दावों और धोखेभरे वादों के जरिए फंसाकर उनसे भारी रकम वसूली।

सीबीआई जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने परियोजना को लेकर आकर्षक दावे किए और समय पर फ्लैट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में खरीदारों के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी की गई।

जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी और उसके निदेशकों ने निवेशकों से धन एकत्र कर अनुचित वित्तीय लाभ हासिल किया, जबकि घर खरीदारों को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीबीआई ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की उन धाराओं के तहत चार्जशीट दायर की है, जो आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित हैं।

एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत चल रही व्यापक जांच का हिस्सा है। सीबीआई वर्तमान में देशभर में दर्ज 50 मामलों की जांच कर रही है, जिनमें विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों पर घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग के आरोप हैं। इन मामलों में कई परियोजनाओं में निवेशकों से करोड़ों रुपए की कथित हेराफेरी की जांच की जा रही है।

इससे पहले भी सीबीआई इसी तरह के मामलों में रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जयपी इंफ्राटेक लिमिटेड और एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड सहित कई रियल एस्टेट कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ चार चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इसके अलावा कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई है।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.